
Navi Mumbai : एयर पॉल्यूशन पर बड़ा एक्शन प्लान
Major Action Plan on Air Pollution in Navi Mumbai
नवी मुंबई/सान्वी देशपांडे : नवी मुंबई में बढ़ते एयर पॉल्यूशन और बिगड़ती एयर क्वालिटी को लेकर अब सत्ताधारी बीजेपी ने बड़ा कदम उठाया है। नवी मुंबई म्युनिसिपल कॉर्पोरेशन (NMMC) में 18 महीने का एक विस्तृत ‘एयर पॉल्यूशन कंट्रोल एक्शन प्लान’ पेश किया गया है, जो तीन मुख्य आधारों—सटीक मापन, प्रदूषण स्रोत की वैज्ञानिक पहचान और सख्त कार्रवाई—पर आधारित है।
सागर नाइक द्वारा तैयार 90 पेज का मास्टर प्लान
शहर में खासकर रात के समय AQI के खतरनाक स्तर तक पहुंचने और बदबूदार हवा की शिकायतों के बाद यह प्लान तैयार किया गया है। सभागृह नेता सागर नाइक द्वारा तैयार 90 पेज के मास्टर प्लान और 70 पेज के टेक्निकल शेड्यूल में इसे चरणबद्ध तरीके से लागू करने की रणनीति बनाई गई है। पहले चरण में पूरे शहर में अत्याधुनिक एयर क्वालिटी मॉनिटरिंग सिस्टम लगाया जाएगा, जिससे PM10, PM2.5 समेत सभी प्रमुख प्रदूषकों का रियल-टाइम डेटा मिलेगा। दूसरे चरण में ट्रैफिक, कंस्ट्रक्शन और इंडस्ट्रियल एरिया जैसे ‘हॉटस्पॉट’ की पहचान कर विशेष कार्रवाई की जाएगी। इस प्लान की खासियत ‘वर्टिकल एटमॉस्फेरिक प्रोफाइलिंग’ तकनीक है, जिससे यह पता लगाया जा सकेगा कि प्रदूषण स्थानीय है या बाहरी, खासकर तलोजा जैसे इंडस्ट्रियल बेल्ट से आने वाला। तीसरे चरण में इंजीनियरिंग उपायों के तहत सड़कों की वैक्यूम स्वीपिंग, धूल नियंत्रण, ‘जीरो एक्सपोज्ड सॉइल’ पॉलिसी और कंस्ट्रक्शन साइट्स पर सख्त नियम लागू होंगे।
रियल-टाइम फैसले लेकर प्रदूषण पर प्रभावी नियंत्रण
साथ ही, धुआं छोड़ने वाले वाहनों, डीजल जनरेटर और कचरा जलाने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।पूरे सिस्टम की निगरानी के लिए ‘एनवायरनमेंटल कमांड एंड कंट्रोल सेंटर’ बनाया जाएगा, जिससे रियल-टाइम फैसले लेकर प्रदूषण पर प्रभावी नियंत्रण किया जा सके।



