Navratri-Fifth Day : भक्तों में आस्था का उत्साह
Fifth Day of Navratri: Devotees Abuzz with Devotional Fervor

विशेष/प्रतिनिधि : चैत्र नवरात्रि के पांचवें दिन मां स्कंदमाता की विधिपूर्वक पूजा-अर्चना की गई। इस अवसर पर भक्तों ने मां को पीले पुष्प, फल और मिष्ठान अर्पित कर सुख-समृद्धि की कामना की। धार्मिक मान्यता है कि मां स्कंदमाता सूर्य मंडल की अधिष्ठात्री हैं और उनकी आराधना से साधक को ज्ञान, तेज तथा निसंतान दंपत्तियों को संतान सुख की प्राप्ति होती है।
जिले के प्रसिद्ध सिद्धपीठ थावे दुर्गा मंदिर में आज श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। भक्त कतारों में खड़े होकर जयकारों के बीच मां के दर्शन कर रहे हैं। मंदिर के प्रधान पुजारी संजय पांडेय के अनुसार इस दिन मां का विशेष श्रृंगार पीले वस्त्र और पुष्पों से किया जाता है। पौराणिक मान्यता के अनुसार मां भवानी भक्त रहषु के आह्वान पर यहां विराजमान हुई थीं। नवरात्र का यह आयोजन भक्ति, आस्था और सांस्कृतिक चेतना का प्रतीक बन गया है।



