Hindu Nav Varsh: पूर्वसंध्या पर उज्जैन में भव्य आयोजन
Grand Celebration in Ujjain on the Eve of the Hindu nav varsh

दिल्ली/प्रतिनिधी : मध्यप्रदेश के धार्मिक नगर उज्जैन में 19 मार्च को हिंदू नववर्ष की पूर्व संध्या पर शिप्रा तट पर भव्य सांस्कृतिक एवं आध्यात्मिक कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। शाम सात बजे शुरू होने वाले इस विशेष आयोजन में प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। कार्यक्रम में धार्मिक अनुष्ठानों, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और दीप प्रज्वलन के माध्यम से हिंदू नववर्ष का स्वागत किया जाएगा। इस अवसर पर सम्राट विक्रमादित्य अलंकरण समारोह भी आयोजित किया जाएगा, जिसमें देश-विदेश की विशिष्ट प्रतिभाओं को सम्मानित किया जाएगा। समारोह में एक करोड़ एक लाख रुपये का अंतरराष्ट्रीय विक्रमादित्य सम्मान तथा इक्कीस लाख रुपये का राष्ट्रीय सम्मान प्रदान किया जाएगा।
शिप्रा तट पर होने वाले इस आयोजन को भव्य बनाने के लिए प्रशासन और विभिन्न सांस्कृतिक संस्थाओं द्वारा विशेष तैयारियां की जा रही हैं। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं, संत-महात्माओं और गणमान्य अतिथियों के कार्यक्रम में शामिल होने की संभावना है। यह आयोजन हिंदू नववर्ष के स्वागत को लेकर प्रदेश में उत्सव का माहौल बनाएगा।



