Dignity of Parliament: संसद की गरिमा पर ओम बिरला की चिंता
Om Birla’s Concern Over the Dignity of Parliament

दिल्ली/प्रतिनिधी : लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने सदन की गरिमा और लोकतांत्रिक संस्थाओं की प्रतिष्ठा बनाए रखने के लिए सभी राजनीतिक दलों के नेताओं को पत्र लिखकर गंभीर चिंतन और आत्मनिरीक्षण का आग्रह किया है। अपने पत्र में उन्होंने संसद की कार्यवाही के दौरान कुछ सांसदों द्वारा बैनर, तख्तियां और पोस्टर प्रदर्शित करने के साथ-साथ आपत्तिजनक भाषा के प्रयोग पर गहरी चिंता व्यक्त की।
बिरला ने कहा कि संसद देश की सर्वोच्च लोकतांत्रिक संस्था है और यहां होने वाली हर गतिविधि देश की जनता के सामने एक उदाहरण पेश करती है। ऐसे में सदन के भीतर अनुशासन, मर्यादा और संसदीय परंपराओं का पालन करना सभी जनप्रतिनिधियों की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने राजनीतिक दलों के नेताओं से अपील की कि वे अपने-अपने दलों के सांसदों को संसदीय आचरण और नियमों का पालन करने के लिए प्रेरित करें, ताकि संसद की गरिमा और लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा सुनिश्चित की जा सके।



