War : पाकिस्तान के हमले पर तालिबान की चेतावनी
Taliban Warns Pakistan After Cross-Border Attack

विशेष/प्रतिनिधि : अफ़गानिस्तान में पाकिस्तान द्वारा किए गए कथित हमलों को लेकर तनाव बढ़ गया है। तालिबान के स्पोक्सपर्सन जबीहुल्लाह मुजाहिद ने आरोप लगाया है कि पाकिस्तान के कई हमलों में महिलाओं और बच्चों की मौत हुई है। मुजाहिद के अनुसार काबुल, कंधार, पक्तिया और पक्तिका प्रांतों में हुए बम हमलों में रिहायशी घरों को भी निशाना बनाया गया, जिससे कई निर्दोष नागरिकों की जान चली गई। तालिबान ने इन हमलों को अफ़गानिस्तान की संप्रभुता और आज़ादी पर सीधा हमला बताया है।
तालिबान के बयान के मुताबिक कंधार इंटरनेशनल एयरपोर्ट के पास एक निजी एयरलाइन की फ्यूल स्टोरेज सुविधा को भी निशाना बनाया गया, जिससे वहां आग लग गई और भारी नुकसान हुआ। इसके अलावा अफ़गानिस्तान के रेगिस्तानी इलाकों में भी हमलों की खबर है। तालिबान ने पाकिस्तान से इन हमलों को तुरंत रोकने की मांग की है और चेतावनी दी है कि अफ़गानिस्तान की सुरक्षा और संप्रभुता से किसी भी तरह का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा।



