Qatar में भारतीयों के लिए एडवाइजरी जारी
Advisory Issued for Indians in Qatar

विशेष/प्रतिनिधि : कतर में रह रहे भारतीय नागरिकों और स्वदेश लौटने की इच्छा रखने वाले लोगों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए दोहा स्थित भारतीय दूतावास ने महत्वपूर्ण गाइडलाइंस जारी की हैं। दूतावास ने बताया है कि जिन भारतीयों के पास वैध सऊदी वीज़ा है, वे कतर एयरवेज़ की सीमित उड़ानों का उपयोग कर सकते हैं या सलवा बॉर्डर के रास्ते सड़क मार्ग से सऊदी अरब के जरिए यात्रा कर सकते हैं। इसके अलावा जो भारतीय नागरिक कतर में विज़िट वीज़ा पर हैं, उनके लिए दूतावास 96 घंटे का अस्थायी सऊदी ट्रांज़िट वीज़ा उपलब्ध करा रहा है, ताकि वे आसानी से देश वापस लौट सकें।
भारतीय नागरिकों की आपात जरूरतों को देखते हुए दूतावास ने 13 और 14 मार्च को भी अपने कार्यालय खुले रखने का फैसला किया है, जिससे पासपोर्ट नवीनीकरण और अन्य जरूरी सेवाएं तुरंत दी जा सकें। दूतावास के अनुसार, कतर एयरवेज़ की दो उड़ानों से लगभग 700 भारतीय पहले ही स्वदेश रवाना हो चुके हैं और आने वाले दिनों में भी ऐसी उड़ानें जारी रहेंगी।



