
Maharashtra Assembly: खेल, घरकुल और स्वास्थ्य तक बड़े ऐलान
Major announcements in the Maharashtra Assembly, including on sports, housing, and health
मुंबई/प्रतिनिधि : महाराष्ट्र विधानसभा ने आज एकमत से भारतीय क्रिकेट टीम को टी-20 क्रिकेट वर्ल्ड कप जीतने पर बधाई देने वाला प्रस्ताव पारित किया। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस द्वारा प्रस्तुत इस प्रस्ताव में टीम के खिलाड़ियों के साथ कप्तान और कोच की भी विशेष सराहना की गई। सदन की कार्यवाही के दौरान विभिन्न विभागों से जुड़ी महत्वपूर्ण घोषणाएं भी की गईं। प्रश्नकाल में ग्रामीण विकास मंत्री जयकुमार गोरे ने कहा कि तकनीकी कारणों से रुके हुए घरकुल योजना के लाभार्थियों को अगले दो-तीन दिनों में फंड जारी कर दिए जाएंगे।
वहीं स्वास्थ्य मंत्री प्रकाश अबितकर ने अंबरनाथ के वांगनी ग्रामीण अस्पताल में मरीजों को फफूंदी लगी दवाएं देने के मामले को गंभीर बताते हुए संबंधित कर्मचारियों को निलंबित कर जांच के आदेश दिए। राज्य मंत्री मेघना बोर्डिकर ने बताया कि राज्य महिला आयोग में काउंसलर के 70 पद भरे जाएंगे और साइबर अपराध की शिकायतों के लिए अलग पोर्टल शुरू किया जाएगा। इस बीच, विधानसभा अध्यक्ष ने महाराष्ट्र प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के सचिव देवेंद्र सिंह का निलंबन संतोषजनक स्पष्टीकरण के बाद वापस लेने का निर्देश दिया।



