West Asia तनाव के बीच भारतीय निर्यात पर नज़र
Indian Exports Under Scrutiny Amid West Asia Tensions

दिल्ली/प्रतिनिधि : पश्चिम एशिया में बढ़ते भू-राजनीतिक तनाव को देखते हुए भारत सरकार ने निर्यात पर संभावित प्रभाव की निगरानी के लिए एक महत्वपूर्ण कदम उठाया है। विदेश व्यापार महानिदेशालय (डीजीएफटी) ने इस उद्देश्य से एक अंतर-मंत्रालयी समूह का गठन किया है। वाणिज्य और उद्योग मंत्रालय के अनुसार, यह समूह पश्चिम एशिया और अन्य क्षेत्रों में हो रहे वैश्विक घटनाक्रमों पर नजर रखेगा और उनके कारण भारतीय निर्यात तथा आपूर्ति श्रृंखलाओं पर पड़ने वाले प्रभाव का आकलन करेगा।
मंत्रालय ने बताया कि अंतरराष्ट्रीय परिस्थितियों में तेजी से हो रहे बदलावों को ध्यान में रखते हुए निर्यात से जुड़े जोखिमों का समय रहते आकलन करना जरूरी है। इसी को ध्यान में रखते हुए डीजीएफटी के भीतर एक आंतरिक समन्वय तंत्र भी स्थापित किया गया है, जो विभिन्न एजेंसियों के बीच बेहतर तालमेल सुनिश्चित करेगा। सरकार का कहना है कि इस व्यवस्था के जरिए निर्यात से जुड़े मुद्दों की रीयल-टाइम निगरानी की जाएगी, ताकि आवश्यक होने पर तुरंत नीतिगत कदम उठाए जा सकें।



