India-Israel संबंध बने विशेष रणनीतिक साझेदारी
India-Israel Relations Elevate to a Special Strategic Partnership

विशेष/प्रतिनिधि : भारत और इस्राएल ने द्विपक्षीय संबंधों को नई ऊंचाई देते हुए कई महत्वपूर्ण क्षेत्रों में समझौता ज्ञापनों का आदान-प्रदान किया। यह निर्णय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और इस्राएल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू के बीच प्रतिनिधिमंडल स्तर की वार्ता के बाद लिया गया। समझौतों में सांस्कृतिक आदान-प्रदान, भू-भौतिकीय अन्वेषण, मत्स्य पालन एवं जलीय कृषि, यूपीआई भुगतान प्रणाली और कृत्रिम बुद्धिमत्ता आधारित शिक्षा सहयोग शामिल हैं।
संयुक्त संवाददाता सम्मेलन में प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि दोनों देशों के संबंध गहरे विश्वास, साझा लोकतांत्रिक मूल्यों और मानवीय संवेदनशीलता पर आधारित हैं तथा इन्हें “विशेष रणनीतिक साझेदारी” का दर्जा देने का ऐतिहासिक निर्णय लिया गया है। उन्होंने बताया कि उभरती प्रौद्योगिकियों—कृत्रिम बुद्धिमत्ता, क्वांटम तकनीक और महत्वपूर्ण खनिजों—में सहयोग को नई गति मिलेगी और इस्राएल में यूपीआई उपयोग का मार्ग भी प्रशस्त हुआ है। प्रधानमंत्री नेतन्याहू ने कहा कि दोनों प्राचीन सभ्यताएं नवाचार के माध्यम से भविष्य निर्माण के लिए प्रतिबद्ध हैं और मिलकर बेहतर परिणाम हासिल कर सकती हैं।



