INS Vikrant पर ‘मिलन 2026’ का भव्य समापन
Grand Finale of 'Milan 2026' on INS Vikrant

विशाखापत्तनम/प्रतिनिधि : भारतीय नौसेना का प्रमुख बहुपक्षीय समुद्री अभ्यास ‘मिलन 2026’ 25 फरवरी को भारतीय नौसेना के स्वदेशी विमानवाहक पोत आईएनएस विक्रांत पर भव्य समापन समारोह के साथ विशाखापत्तनम तट के पास संपन्न हुआ। समारोह की अध्यक्षता पूर्वी बेड़े के फ्लैग ऑफिसर कमांडिंग रियर एडमिरल आलोक आनंद ने की। सहभागी देशों के कमांडिंग अधिकारियों ने इसे अत्यंत सफल और उपयोगी अभ्यास बताया।
‘सौहार्द, सहयोग और समन्वय’ थीम पर 19 से 25 फरवरी तक चले इस युद्धाभ्यास को हार्बर और सी फेज में आयोजित किया गया। प्रारंभिक चरण में द्विपक्षीय बैठकें, विशेषज्ञ आदान-प्रदान और अंतरराष्ट्रीय समुद्री संगोष्ठी हुई, जबकि 21 फरवरी से समुद्री चरण में उच्च स्तरीय युद्धाभ्यास किए गए। इसमें 40 युद्धपोत, 29 विमान और 18 विदेशी पोत शामिल रहे। लगभग 90 घंटे की उड़ानों में पनडुब्बी रोधी युद्ध, हवाई रक्षा और सामरिक समन्वय का अभ्यास हुआ। अमेरिका, रूस, फ्रांस और जापान सहित कई देशों की भागीदारी ने वैश्विक समुद्री सुरक्षा में भारत की बढ़ती भूमिका को और मजबूत किया।



