EV Transport: ई-बसों से सुधर रही शहरों की हवा
EV Transport: E-Buses Are Improving city Air Quality

दिल्ली/प्रतिनिधि: नई दिल्ली में इलेक्ट्रिक मोबिलिटी को लेकर बड़ा अपडेट सामने आया है। केंद्रीय भारी उद्योग मंत्री एच.डी. कुमारस्वामी ने फेडरेशन ऑफ इंडियन चैंबर्स ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज (FICCI) की तीसरी नेशनल कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए बताया कि पीएम ई-ड्राइव स्कीम के तहत देश में अब तक 28 लाख से अधिक इलेक्ट्रिक वाहन बिक चुके हैं।
मंत्री ने कहा कि इन वाहनों में सबसे बड़ी हिस्सेदारी टू-व्हीलर की है, जिनकी संख्या 20 लाख से अधिक है, जबकि लगभग 3 लाख थ्री-व्हीलर भी खरीदे गए हैं। इससे साफ है कि आम लोगों के बीच इलेक्ट्रिक मोबिलिटी तेजी से स्वीकार की जा रही है। उन्होंने बताया कि सार्वजनिक परिवहन के क्षेत्र में भी बड़ा बदलाव आया है। देश के प्रमुख शहरों में 14 हजार से अधिक इलेक्ट्रिक बसों को मंजूरी दी जा चुकी है। इसके कारण प्रदूषण में कमी और शहरी हवा की गुणवत्ता में सुधार देखने को मिल रहा है। सरकार का मानना है कि ई-मोबिलिटी आने वाले वर्षों में स्वच्छ, सस्ता और टिकाऊ परिवहन विकल्प बनेगी।



