
BMC : 80,952 करोड़ का बीएमसी बजट पेश
BMC: BMC budget of ₹80,952 crore presented
मुंबई/प्रतिनिधि : मुंबई महानगरपालिका के कमिश्नर भूषण गगरानी ने वित्त वर्ष 2026-27 के लिए 80,952 करोड़ रुपये का बजट पेश किया। यह पिछले वर्ष के 74,427 करोड़ रुपये के बजट की तुलना में करीब साढ़े नौ प्रतिशत अधिक है। इस बार बजट का बड़ा फोकस इंफ्रास्ट्रक्चर और शहरी विकास पर रखा गया है। कुल बजट का लगभग 60 प्रतिशत यानी 48,164 करोड़ रुपये विकास परियोजनाओं के लिए निर्धारित किए गए हैं।
सड़कों के सीमेंट कंक्रीटीकरण के लिए 5,520 करोड़ रुपये, कोस्टल रोड नॉर्थ प्रोजेक्ट के लिए 4,000 करोड़ रुपये और गोरेगांव-मुलुंड लिंक रोड परियोजना के लिए 2,650 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है। शिक्षा विभाग को 4,248 करोड़ रुपये दिए गए हैं, जो पिछले बजट से लगभग साढ़े सात प्रतिशत अधिक हैं। स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने के लिए 7,400 करोड़ रुपये से ज्यादा आवंटित किए गए हैं। BEST उपक्रम को 1,000 करोड़ रुपये की आर्थिक सहायता दी जाएगी, जबकि शहर की वायु गुणवत्ता सुधारने के लिए 160 करोड़ रुपये का प्रावधान रखा गया है।



