MathuraHoli:काशी से मथुरा पहुंची होली की सामग्री
Holi Materials Arrive in Mathura from Kashi

मथुरा/प्रतिनिधि : ब्रजभूमि में होली की आहट के साथ ही श्रीकृष्ण जन्मस्थान परिसर में रंगभरनी एकादशी के लठामार होली महोत्सव की तैयारियां तेज हो गई हैं। परंपरा के अनुसार श्रीकाशी विश्वनाथ धाम से होली के लिए विशेष प्रसाद और पूजन सामग्री मथुरा पहुंची। मंगलवार को सुसज्जित वाहन से आई सामग्री को शोभायात्रा के रूप में मंदिर परिसर में लाया गया, जहां ढोल-मृदंग, शंखध्वनि और मंत्रोच्चारण के बीच भक्तों ने भव्य स्वागत किया। मार्गभर पुष्पवर्षा होती रही और श्रद्धालु भावविभोर नजर आए।
सेवा संस्थान के सचिव कपिल शर्मा ने बताया कि रंग, गुलाल, अबीर, वस्त्र, फल और पुष्प सहित विविध सामग्री 27 फरवरी को राधा-कृष्ण (प्रिया-प्रियतम) को अर्पित की जाएगी। इस आयोजन को काशी-मथुरा की सनातन आध्यात्मिक परंपरा का प्रतीक माना जाता है। मान्यता है कि इस उत्सव से दोनों तीर्थों के सांस्कृतिक और धार्मिक संबंध और अधिक सुदृढ़ होते हैं तथा ब्रज में होली उत्सव का विधिवत शुभारंभ माना जाता है।



