Railway: 7 दिन चलेगी भोपाल-धनबाद-चौपन एक्सप्रेस
Bhopal-Dhanbad-Chaupan Express to Run Seven Days

भोपाल/प्रतिनिधि : मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि राज्य को लगातार नई रेल सेवाओं और सुविधाओं की सौगात मिल रही है। मंगलवार शाम भोपाल मुख्य रेलवे स्टेशन से उन्होंने भोपाल-धनबाद-चौपन एक्सप्रेस को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह ट्रेन सप्ताह के सातों दिन चलेगी — तीन दिन सिंगरौली, तीन दिन धनबाद और एक दिन चौपन तक जाएगी। ट्रेन का मार्ग बीना-सागर-मुड़वारा होकर रहेगा। कार्यक्रम में केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव वर्चुअली शामिल हुए।
मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में हुई केंद्रीय कैबिनेट ने जबलपुर-गोंदिया रेल लाइन दोहरीकरण को मंजूरी दी है। इंदौर-मनमाड रेल लाइन सहित कई परियोजनाओं से प्रदेश की रेल कनेक्टिविटी मजबूत हो रही है। प्रदेश के 80 स्टेशनों का कायाकल्प और छह अमृत भारत स्टेशनों का पुनर्विकास करीब 3 हजार करोड़ रुपये की लागत से किया जा रहा है। नई ट्रेन से मध्यप्रदेश, उत्तरप्रदेश और झारखंड के बीच संपर्क, पर्यटन, व्यापार व खनन क्षेत्र को बढ़ावा मिलेगा।



