Israel Visit: PM मोदी की इजराइल यात्रा आज से
PM Modi's visit to Israel begins today

दिल्ली/प्रतिनिधि : प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी आज दो दिवसीय राजकीय यात्रा पर इजराइल रवाना होंगे। यह उनकी दूसरी इजराइल यात्रा है। यात्रा के दौरान वे प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू के साथ द्विपक्षीय बैठक करेंगे, जिसमें भारत-इजराइल रणनीतिक साझेदारी में हुई प्रगति की समीक्षा की जाएगी। दोनों नेता विज्ञान-प्रौद्योगिकी, नवाचार, रक्षा-सुरक्षा, कृषि, जल प्रबंधन, व्यापार और आर्थिक सहयोग के साथ-साथ जन-से-जन संपर्क बढ़ाने पर चर्चा करेंगे।
प्रधानमंत्री मोदी इजराइली संसद क्नेसेट को भी संबोधित करेंगे और ऐसा करने वाले पहले भारतीय नेता बनेंगे। भारत के राजदूत जे पी सिंह ने बताया कि बैठक में क्षेत्रीय और वैश्विक मुद्दों पर भी विचार-विमर्श होगा। कल प्रधानमंत्री की मुलाकात राष्ट्रपति इसहाक हर्ज़ोग से होगी। विदेश मंत्रालय के अनुसार यह यात्रा दोनों देशों के बीच दीर्घकालिक और गहरे रणनीतिक संबंधों को और मजबूत करेगी।



