India-Israel: भारत-इज़राइल FTA वार्ता शुरू
India-Israel FTA talks begin in New Delhi

दिल्ली/प्रतिनिधि : नई दिल्ली में भारत और इज़राइल के बीच मुक्त व्यापार समझौते (FTA) को लेकर वार्ता का पहला दौर शुरू हो गया है, जो गुरुवार तक चलेगा। उद्घाटन सत्र में वाणिज्य सचिव राजेश अग्रवाल ने कहा कि यह वार्ता ऐसे समय शुरू हुई है जब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दो दिवसीय इज़राइल यात्रा पर जा रहे हैं, जिससे समझौते को नई गति मिलने की उम्मीद है।
उन्होंने नवाचार, विज्ञान-प्रौद्योगिकी, कृत्रिम बुद्धिमत्ता, साइबर सुरक्षा, हाई-टेक विनिर्माण, कृषि और सेवा क्षेत्र में व्यापक सहयोग की संभावनाओं पर जोर दिया। भारत के मुख्य वार्ताकार अजय भादू ने दोनों पक्षों को संतुलित समझौते की दिशा में आगे बढ़ने का आग्रह किया, ताकि दीर्घकालिक साझेदारी का मजबूत ढांचा तैयार हो सके। वाणिज्य एवं उद्योग मंत्रालय के अनुसार यह पहल द्विपक्षीय संबंधों के रणनीतिक महत्व को रेखांकित करती है और आर्थिक सहयोग को मजबूत करेगी। उल्लेखनीय है कि वार्ता के लिए संदर्भ शर्तों पर पिछले वर्ष नवंबर में हस्ताक्षर किए गए थे।



