
Panvel Police: सुरक्षा के लिए स्पेशल अभियान
Panvel Police Launches Special Safety Campaign
पनवेल/तुषार पाटील : पनवेल शहर में एक महिला यात्री पर रिक्शा चालक द्वारा धारदार हथियार से हमले की गंभीर घटना सामने आने के बाद इलाके में दहशत का माहौल बन गया। घटना के बाद नागरिकों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए पनवेल ट्रैफिक ब्रांच, पनवेल सिटी पुलिस, खंडेश्वर पुलिस और आरटीओ पनवेल ने संयुक्त रूप से विशेष निरीक्षण एवं एनफोर्समेंट अभियान चलाया।
पनवेल रेलवे स्टेशन (ईस्ट-वेस्ट) रिक्शा स्टैंड और एचडीएफसी सर्कल क्षेत्र में पांच टीमों ने कार्रवाई की। इस दौरान अवैध रूप से यात्रियों को ले जाने वाले, बिना लाइसेंस, बिना यूनिफॉर्म, एक्सपायर फिटनेस व इंश्योरेंस और नियमों का उल्लंघन करने वाले चालकों के खिलाफ सख्ती बरती गई। कुल 350 रिक्शा की जांच में 180 पर कार्रवाई हुई, 34 रिक्शा जब्त किए गए और ₹1,68,500 जुर्माना वसूला गया। यह अभियान ट्रैफिक ब्रांच के वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक औदुंबर पाटिल के मार्गदर्शन में चला। पुलिस ने चेतावनी दी है कि ऐसे अभियान आगे भी जारी रहेंगे।



