India-Sweden: भारत-स्वीडन हरित साझेदारी मजबूत
India-Sweden Green Partnership Strengthens

दिल्ली/प्रतिनिधि : नई दिल्ली में वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने स्वीडन की उप-प्रधानमंत्री एब्बा बुश और फिनलैंड के प्रधानमंत्री पेटेरी ओर्पो से अलग-अलग बैठकें कर द्विपक्षीय सहयोग को नई दिशा दी। भारत और स्वीडन ने हरित प्रौद्योगिकी, अनुसंधान एवं विकास तथा सतत विकास परियोजनाओं में सहयोग मजबूत करने की प्रतिबद्धता जताई। बैठक में भारत-यूरोपीय संघ मुक्त व्यापार समझौता ढांचे के तहत भागीदारी बढ़ाने पर भी सहमति बनी।
पीयूष गोयल ने कहा कि निवेशक-अनुकूल प्रत्यक्ष विदेशी निवेश पारिस्थितिकी तंत्र के कारण भारत वैश्विक निवेश गंतव्य के रूप में तेजी से उभर रहा है। उन्होंने भारत की युवा शक्ति और स्वीडन की नवाचार क्षमता को सतत विकास की प्रभावी साझेदारी बताया।फिनलैंड के प्रधानमंत्री के साथ वार्ता में व्यापार समझौता, प्रौद्योगिकी और हरित ऊर्जा क्षेत्रों में सहयोग की संभावनाओं पर चर्चा हुई। इससे भारत-फिनलैंड व्यापार एवं निवेश संबंधों को नई मजबूती मिलने की उम्मीद है।



