Delhi: CSIR-NIIST की 11 तकनीकें हस्तांतरित
From Lab to Market: 11 CSIR-NIIST Technologies Transferred

दिल्ली/प्रतिनिधि : नई दिल्ली में आयोजित “तकनीकी समन्वय: प्रयोगशाला से बाजार तक” कार्यक्रम में तिरुवनंतपुरम स्थित सीएसआईआर-राष्ट्रीय अंतःविषयक विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी संस्थान (सीएसआईआर-एनआईआईएसटी) ने 11 महत्वपूर्ण प्रौद्योगिकी हस्तांतरणों का प्रदर्शन किया। विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी मंत्रालय के अनुसार इस अवसर पर अनुसंधान परिणामों को उद्योग और समाज तक पहुंचाने के लिए एक समझौता ज्ञापन पर भी हस्ताक्षर किए गए।
कार्यक्रम की प्रमुख उपलब्धि उच्च प्रोटीन एवं कम ग्लाइसेमिक इंडेक्स वाले चावल की तकनीक का हस्तांतरण रही। यह चावल लौह, फोलिक एसिड और विटामिन बी-12 जैसे सूक्ष्म पोषक तत्वों से समृद्ध है और पोषण सुरक्षा में सहायक माना जा रहा है। वैज्ञानिक एवं औद्योगिक अनुसंधान विभाग की सचिव एन. कलैसेल्वी ने कहा कि अनुसंधान संस्थानों को ज्ञान सृजन के साथ-साथ उसके अनुवाद, सत्यापन, विस्तार और व्यावसायीकरण पर ध्यान देना होगा। उन्होंने तकनीकी हस्तांतरण को आत्मनिर्भरता, स्थिरता और राष्ट्रीय पोषण प्राथमिकताओं से जुड़ा महत्वपूर्ण दायित्व बताया।



