
Maharashtra Board 12वीं परीक्षा से शुरू
MSBSHSE Exam 2026: Maharashtra Board 12th Exam Schedule Start
नवी मुंबई/सान्वी देशपांडे : महाराष्ट्र राज्य के विद्यार्थियों के लिए अहम खबर है। 12वीं कक्षा की बोर्ड परीक्षा 10 फरवरी से शुरू होकर 18 मार्च तक चलेगी। यह वर्ष विद्यार्थियों के जीवन में बेहद निर्णायक माना जाता है, जिसको लेकर छात्र लंबे समय से तैयारी कर रहे हैं। वहीं 10वीं कक्षा की परीक्षा 20 फरवरी से 18 मार्च 2026 तक आयोजित की जाएगी। महाराष्ट्र स्टेट सेकेंडरी एंड हायर सेकेंडरी बोर्ड द्वारा आयोजित इस परीक्षा को लेकर एक अहम प्रेस कॉन्फ्रेंस की गई। बोर्ड के अध्यक्ष नंदकुमार बेडसे ने परीक्षा से जुड़ी विस्तृत जानकारी दी।
15 लाख 32 हज़ार 487 स्टूडेंट्स 12वीं क्लास की परीक्षा देंगे
उन्होंने बताया कि इस वर्ष 12वीं की परीक्षा में कुल 15,32,487 विद्यार्थी शामिल होंगे। परीक्षा 3,387 केंद्रों पर आयोजित की जाएगी। इनमें से 7,99,773 छात्र विज्ञान, 3,80,692 कला और 3,20,152 वाणिज्य संकाय से हैं। इसके अलावा आईटीआई और मिनिमम स्किल कोर्स के विद्यार्थी भी परीक्षा में बैठेंगे। परीक्षा से कोई छात्र वंचित न रहे, इसके लिए 3 फरवरी तक आवेदन स्वीकार किए गए हैं। प्रत्येक जिले में दो काउंसलर और बोर्ड स्तर पर 10 काउंसलर नियुक्त किए गए हैं। कुछ पेपर सुबह 11 बजे और कुछ दोपहर 3 बजे होंगे। छात्रों को परीक्षा केंद्र पर आधा घंटा पहले पहुँचना अनिवार्य होगा।
पेपर पढ़ने के टाइम को लेकर बड़ा फैसला
इस वर्ष एक बड़ा बदलाव करते हुए प्रश्नपत्र पढ़ने के लिए 10 मिनट का समय पेपर शुरू होने के बाद दिया जाएगा, जो परीक्षा समय में जोड़ा जाएगा। यह फैसला पेपर लीक रोकने के उद्देश्य से लिया गया है। दिव्यांग छात्रों को प्रति घंटे 20 मिनट अतिरिक्त समय मिलेगा। सभी छात्रों को नकल न करने की शपथ भी दिलाई गई है।



