Malaysia Visit: मोदी 7–8 फरवरी को मलेशिया दौरे पर
Malaysia Visit: Modi to visit Malaysia on February 7-8

विशेष/प्रतिनिधि: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 7 और 8 फरवरी को दो दिवसीय आधिकारिक दौरे पर मलेशिया जाएंगे। यह दौरा मलेशिया के प्रधानमंत्री अनवर इब्राहिम के आमंत्रण पर आयोजित किया गया है। इस यात्रा का उद्देश्य भारत और मलेशिया के बीच रणनीतिक साझेदारी को और सुदृढ़ करना तथा द्विपक्षीय सहयोग के नए आयाम खोलना है। दौरे के दौरान दोनों देशों के प्रधानमंत्रियों के बीच उच्चस्तरीय वार्ता होगी, जिसमें व्यापार, निवेश, रक्षा, शिक्षा और तकनीकी सहयोग जैसे मुद्दों पर चर्चा की जाएगी।
प्रधानमंत्री मोदी मलेशिया में रहने वाले भारतीय समुदाय से भी संवाद करेंगे। मलेशिया में लगभग 30 लाख भारतीय मूल के लोग रहते हैं, जो दोनों देशों के संबंधों में सेतु की भूमिका निभाते हैं। इसके अलावा प्रधानमंत्री उद्योग जगत के प्रतिनिधियों से मुलाकात करेंगे और 10वां भारत–मलेशिया सीईओ समिट भी आयोजित किया जाएगा, जिससे आर्थिक साझेदारी को नई गति मिलने की उम्मीद है।



