Trade Deal की खबर से शेयर बाजार में बंपर तेजी
Stock Market Soars on Trade Deal News

मुंबई/प्रतिनिधि: सोमवार को भारतीय शेयर बाजार ने तूफानी तेजी के साथ कारोबार की शुरुआत की। बेंचमार्क इंडेक्स सेंसेक्स करीब 3,800 अंकों की छलांग लगाकर 85,323 के स्तर पर खुला, जबकि निफ्टी 50 इंडेक्स 1,220 अंकों की तेजी के साथ 26,308 पर ओपन हुआ। शुरुआती भारी उछाल के बाद ऊपरी स्तरों से मुनाफावसूली देखने को मिली, जिससे निफ्टी फिसलकर 25,800 तक आ गया।
हालांकि, इसके बावजूद बाजार की धारणा मजबूत बनी रही। कारोबार के दौरान निफ्टी में करीब 700 अंकों और सेंसेक्स में लगभग 2,300 अंकों की बढ़त कायम रही। बाजार में इस तेजी के पीछे भारत-अमेरिका के बीच घोषित ट्रेड डील को अहम वजह माना जा रहा है। सोमवार देर रात हुई घोषणा में अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने भारतीय उत्पादों पर लगाए जाने वाले रेसिप्रोकल टैरिफ को 25 प्रतिशत से घटाकर 18 प्रतिशत करने का फैसला किया। इस कदम से निवेशकों का भरोसा बढ़ा और बाजार को मजबूत समर्थन मिला।



