India-US: भारत पर US टैरिफ अब 18%
India-US Partnership: US Tariffs on India Now at 18%

दिल्ली/प्रतिनिधि : अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भारत पर लगाए गए पारस्परिक टैरिफ को 25 प्रतिशत से घटाकर 18 प्रतिशत करने की घोषणा की है। यह जानकारी उन्होंने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्रुथ सोशल पर साझा की। इस कदम का प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने स्वागत किया। प्रधानमंत्री मोदी ने एक्स पर लिखा कि ‘मेड इन इंडिया’ उत्पादों पर टैरिफ घटने से भारतीय उद्योग और उपभोक्ताओं को लाभ होगा।
इससे पहले दोनों नेताओं के बीच फोन पर बातचीत हुई, जिसमें व्यापार सहित कई अहम मुद्दों पर चर्चा की गई। भारत में अमेरिकी राजदूत सर्जियो गोर ने इस वार्ता की पुष्टि की। ट्रंप ने कहा कि आपसी मित्रता और प्रधानमंत्री मोदी के अनुरोध पर यह सहमति बनी है। समझौते के तहत अमेरिका टैरिफ घटाएगा, जबकि भारत अमेरिका के खिलाफ अपने टैरिफ और गैर-टैरिफ बाधाओं को शून्य करने की दिशा में आगे बढ़ेगा। इससे दोनों देशों के बीच व्यापारिक सहयोग और मजबूत होने की उम्मीद है।



