Republic Day Parade: महाराष्ट्र की झांकी अव्वल
Maharashtra's Tableau Wins Top Prize at Republic Day Parade

दिल्ली/प्रतिनिधि : गणतंत्र दिवस परेड में इस वर्ष कर्तव्य पथ पर भारत की सैन्य शक्ति, सांस्कृतिक विरासत और विविधता की भव्य झलक देखने को मिली। शानदार मार्चिंग कंटिन्जेंट और आकर्षक झांकियों के प्रदर्शन के आधार पर विजेताओं का चयन किया गया। रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ ने विजेता टुकड़ियों, राज्यों और मंत्रालयों को पुरस्कार प्रदान किए। तीनों सशस्त्र सेनाओं की श्रेणी में भारतीय नौसेना को सर्वश्रेष्ठ मार्चिंग कंटिन्जेंट घोषित किया गया, जबकि केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों की श्रेणी में दिल्ली पुलिस ने प्रथम स्थान प्राप्त किया।
राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों की झांकियों में महाराष्ट्र की झांकी प्रथम रही। जम्मू और कश्मीर को द्वितीय और केरल को तृतीय पुरस्कार मिला। केंद्रीय मंत्रालयों में संस्कृति मंत्रालय की झांकी सर्वश्रेष्ठ घोषित हुई, जबकि शिक्षा मंत्रालय को जनता की पसंद का पुरस्कार मिला। संजय सेठ ने परेड को राष्ट्रीय एकता और गौरव का सशक्त प्रतीक बताया।



