Road Safety: सड़क सुरक्षा को लेकर पुलिस का बड़ा कदम
Police Take Major Step Towards Road Safety

विशेष/प्रतिनिधि : ऊना में आयोजित एक महत्वपूर्ण बैठक में पुलिस अधीक्षक अमित यादव ने ड्रंक एंड ड्राइव के मामलों पर सख्त रुख अपनाने की घोषणा की। उन्होंने स्पष्ट किया कि नशे में वाहन चलाने के पहले अपराध पर चालक का लाइसेंस निलंबित किया जाएगा, जबकि बार-बार नियमों का उल्लंघन करने वालों के लाइसेंस को पूरी तरह रद्द किया जाएगा। पुलिस अधीक्षक ने कहा कि सड़क सुरक्षा से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा और कानून तोड़ने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने सभी विभागों और संबंधित एजेंसियों से अपील की कि नशे से जुड़े मामलों में पुलिस का सहयोग करें। विशेष रूप से नशे की अवैध सप्लाई, नशे का सेवन कर वाहन चलाने, नाबालिगों द्वारा वाहन चलाने तथा यातायात नियमों के अन्य उल्लंघनों की सूचनाएं समय पर पुलिस के साथ साझा करने को कहा गया। एसपी ने जोर देकर कहा कि समन्वय और जागरूकता से ही सड़क हादसों पर प्रभावी रोक लगाई जा सकती है।



