Foundation Day: गुजरात में मनाया उत्तर प्रदेश स्थापना दिवस
Uttar Pradesh Foundation Day Celebrated in Gujarat

गुजरात/प्रतिनिधि : गुजरात के लोक भवन में उत्तर प्रदेश स्थापना दिवस के अवसर पर एक भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश के नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री श्री ए. के. शर्मा ने सहभागिता की। एक भारत–श्रेष्ठ भारत की भावना को साकार करते हुए इस आयोजन में उत्तर प्रदेश के साथ-साथ असम, त्रिपुरा, मणिपुर और मेघालय का स्थापना दिवस भी उत्साहपूर्वक मनाया गया। कार्यक्रम में विभिन्न राज्यों की समृद्ध सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने आपसी सौहार्द और राष्ट्रीय एकता का सुंदर संदेश दिया। अपने संबोधन में मंत्री श्री ए. के. शर्मा ने उत्तर प्रदेश स्थापना दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि प्रदेश आज सामाजिक, सांस्कृतिक और आर्थिक विकास की नई इबारत लिख रहा है। उन्होंने बताया कि बेहतर बुनियादी ढांचा, निवेश के लिए अनुकूल माहौल और पारदर्शी शासन व्यवस्था ने उत्तर प्रदेश को अग्रणी राज्यों की श्रेणी में पहुंचाया है।
मंत्री ने जीरो टॉलरेंस नीति, बेहतर कानून व्यवस्था, स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार और किसानों के कल्याण पर सरकार की प्रतिबद्धता को रेखांकित किया। इस अवसर पर गुजरात के राज्यपाल श्री आचार्य देवव्रत ने भी प्रदेश की प्रगति की सराहना की।



