Magh Mela: माघ मेले में वसंत पंचमी का महापर्व
Magh Mela: Basant Panchami Celebrated with Great Fervor

प्रयागराज/प्रतिनिधि: पूरे देश में वसंत पंचमी का पर्व श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया जा रहा है। उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में चल रहे माघ मेले के दौरान वसंत पंचमी के पावन स्नान पर्व पर आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा। गुरुवार रात से ही वैदिक मंत्रोच्चार के बीच संगम में स्नान का क्रम शुरू हो गया था। दोपहर 2 बजे तक लगभग 2 करोड़ 90 लाख श्रद्धालुओं ने पवित्र संगम में डुबकी लगाकर पुण्य लाभ अर्जित किया।
भक्ति भाव से ओत-प्रोत श्रद्धालुओं और संतों के उत्साह से संगम तट का दृश्य अत्यंत मनोहारी रहा। श्रद्धालु मां गंगा की गोद में स्नान कर आध्यात्मिक शांति का अनुभव करते नजर आए। प्रयागराज मेला प्राधिकरण ने श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा के लिए विशेष इंतजाम किए, वहीं संगम और आसपास कई अस्थायी घाट तैयार किए गए। हिंदू मान्यताओं के अनुसार, वसंत पंचमी के दिन संगम स्नान और सूर्य को अर्घ्य देने से पापों का नाश होता है और सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है।



