Kishtwar के ऊपरी इलाकों में सर्च ऑपरेशन जारी
Search Operation Continues in Upper Reaches of Kishtwar

जम्मू-कश्मीर/प्रतिनिधि: जम्मू-कश्मीर के किश्तवार जिले में आतंकवाद के खिलाफ चल रहे अभियान के दौरान देश ने एक और वीर सपूत को खो दिया। चतरू क्षेत्र में आतंकवादियों के साथ हुई मुठभेड़ में गंभीर रूप से घायल एक पैराट्रूपर ने इलाज के दौरान सर्वोच्च बलिदान दिया। यह मुठभेड़ किश्तवार जिले के ऊपरी इलाकों में छिपे संदिग्ध आतंकवादियों की तलाश के लिए चलाए जा रहे तलाशी अभियान के दौरान हुई।
सुरक्षा बलों ने यह अभियान चतरू क्षेत्र के मन्द्रल–सिंहपोरा के पास सोनार गांव में शुरू किया था। तलाशी के दौरान छिपे आतंकवादियों ने अचानक ग्रेनेड हमला कर दिया, जिसमें आठ जवान घायल हो गए। घायलों में विशेष बलों के हवलदार गजेंद्र सिंह भी शामिल थे, जिन्हें गंभीर हालत में जम्मू के सैन्य अस्पताल में भर्ती कराया गया। इलाज के दौरान हवलदार गजेंद्र सिंह ने वीरगति प्राप्त की। हवलदार गजेंद्र सिंह के बलिदान पर व्हाइट नाइट कोर के जनरल ऑफिसर कमांडिंग सहित वरिष्ठ सैन्य अधिकारियों ने उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। पूरे देश ने इस वीर जवान के साहस और कर्तव्यनिष्ठा को नमन किया है।
