Magh मेले में उमड़ेगी भीड़, रेलवे ने बढ़ाई सुविधाएं
Massive Crowds Expected at Magh Mela, Railways Increases Facilities

प्रयागराज/प्रतिनिधि: प्रयागराज में आयोजित प्रयागराज माघ मेले के तीसरे प्रमुख स्नान पर्व मौनी अमावस्या के अवसर पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए रेलवे प्रशासन ने व्यापक और विशेष तैयारियां की हैं। उत्तर मध्य रेलवे द्वारा यात्रियों की सुरक्षित, सुगम और व्यवस्थित आवाजाही सुनिश्चित करने के लिए कई अहम कदम उठाए गए हैं। इस विशेष स्नान पर्व के दिन विशेष ट्रेनें चलाई जाएंगी, वहीं लंबी दूरी की ट्रेनों के स्टॉपेज भी प्रमुख स्टेशनों पर बढ़ाए जाएंगे। महाकुंभ की तर्ज पर रिंग रेल व्यवस्था के जरिए श्रद्धालुओं को उनके गंतव्य तक पहुंचाने की योजना लागू की गई है, जिससे भीड़ का दबाव कम किया जा सके। रेलवे ने इस दौरान 100 से अधिक रेक की व्यवस्था की है।
यात्रियों की सुविधा के लिए स्टेशनों पर कलर कोडिंग आधारित प्रवेश और निकास द्वार बनाए गए हैं। अलग-अलग रंगों के संकेतों के माध्यम से यात्रियों को उनके गंतव्य की दिशा स्पष्ट रूप से बताई जाएगी।सुरक्षा व्यवस्था को भी पुख्ता किया गया है। स्टेशन परिसर और आसपास के क्षेत्रों में सीसीटीवी निगरानी के साथ अतिरिक्त सुरक्षा बल तैनात किए गए हैं। उत्तर मध्य रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी शशिकांत त्रिपाठी ने बताया कि यात्रियों की सुविधा और सुरक्षा रेलवे की सर्वोच्च प्राथमिकता है, और सभी व्यवस्थाएं पूरी तरह से तैयार हैं।



