Prayagraj: पौष पूर्णिमा से माघ मेले का शुभारंभ
Magh Mela Begins on Paush Purnima, Huge Crowd Gathers

प्रयागराज/प्रतिनिधी: पौष पूर्णिमा के पावन अवसर पर प्रयागराज के संगम तट पर 44 दिनों तक चलने वाले माघ मेले का शुभारंभ हो गया। माघ मेला प्राधिकरण के अनुसार, पहले ही दिन शाम चार बजे तक करीब 21 लाख 50 हजार श्रद्धालुओं ने संगम में पवित्र स्नान किया। श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए मेला क्षेत्र में सुरक्षा और व्यवस्थाओं के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। इस वर्ष माघ मेला 800 हेक्टेयर से अधिक क्षेत्र में फैला हुआ है, जिसे सात अलग-अलग खंडों में विभाजित किया गया है। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए 42 स्थानों पर पार्किंग की व्यवस्था की गई है। चिकित्सा आपात स्थिति से निपटने के लिए 20-20 बिस्तरों वाले दो अस्पताल बनाए गए हैं।
सुरक्षा व्यवस्था के तहत 17 पुलिस थाने, 42 पुलिस चौकियां, एक समर्पित नियंत्रण कक्ष और करीब 400 सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। परिवहन सुविधा के लिए 3,800 रोडवेज बसें तैनात की गई हैं। माघ मेला महाशिवरात्रि के पावन स्नान के साथ संपन्न होगा।



