
Varanasi में 72वीं राष्ट्रीय वॉलीबॉल चैंपियनशिप का उद्घाटन
72nd National Volleyball Championship inaugurated in Varanasi
वाराणसी/प्रतिनिधी: प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी आज वाराणसी के डॉ. संपूर्णानंद स्पोर्ट्स स्टेडियम में 72वीं राष्ट्रीय वॉलीबॉल चैंपियनशिप का भव्य उद्घाटन करेंगे। इस अवसर पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी उद्घाटन समारोह में उपस्थित रहेंगे। यह प्रतिष्ठित राष्ट्रीय प्रतियोगिता 4 जनवरी से 11 जनवरी तक आयोजित की जाएगी। इस टूर्नामेंट में देशभर से एक हजार से अधिक खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं। पुरुष और महिला वर्ग की कुल लगभग 73 टीमें खिताब के लिए आपस में मुकाबला करेंगी। प्रतियोगिता के आयोजन को लेकर खिलाड़ियों और खेल प्रेमियों में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है।
पूर्वांचल क्षेत्र में पहली बार इतने बड़े पैमाने पर राष्ट्रीय स्तर की वॉलीबॉल चैंपियनशिप का आयोजन हो रहा है, जिससे क्षेत्र में खेल संस्कृति को नई पहचान मिलने की उम्मीद है। आयोजन से स्थानीय खिलाड़ियों को राष्ट्रीय मंच मिलेगा और खेल अवसंरचना को भी बढ़ावा मिलेगा। यह प्रतियोगिता वाराणसी को खेलों के मानचित्र पर एक नई पहचान दिलाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।



