New Year पर कुल्लू घाटी में उमड़े 80 हजार पर्यटक
80,000 Tourists Flock to Kullu Valley for New Year Celebrations

हिमाचलप्रदेश;प्रतिनिधि: हिमाचल प्रदेश के जिला कुल्लू की पर्यटन नगरी मनाली में नए साल का जश्न सैलानियों ने उत्साह और उमंग के साथ मनाया। नए साल के बाद शनिवार को भी बड़ी संख्या में पर्यटक मनाली और आसपास के पर्यटन स्थलों पर पहुंचे। हालांकि मनाली और सोलंग नाला में ताजा बर्फबारी न होने से कुछ सैलानी निराश दिखे, लेकिन अटल टनल के जरिए लाहौल घाटी में पहले से जमी बर्फ के बीच पर्यटक जमकर मस्ती कर रहे हैं।
सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए प्रशासन ने सोलंग नाला से सुबह 10 बजे के बाद ही वाहनों को अटल टनल के रास्ते लाहौल भेजने और दोपहर 3 बजे के बाद वापसी की व्यवस्था की है। यह कदम सड़कों पर जमी ब्लैक आइस के कारण उठाया गया है। नए साल पर कुल्लू जिले के विभिन्न पर्यटन स्थलों पर करीब 80 हजार सैलानियों ने दस्तक दी। वर्तमान में भी पर्यटक रिवर राफ्टिंग और पैराग्लाइडिंग जैसी साहसिक गतिविधियों का आनंद ले रहे हैं। माइनस तापमान के बावजूद सैलानियों का उत्साह देखते ही बन रहा है।



