Border 2 के गीत लॉन्च पर देशभक्ति का माहौल
Patriotic Atmosphere at the Border 2 Song Launch

विशेष;प्रतिनिधि: पाक अंतरराष्ट्रीय सीमा पर स्थित विश्वविख्यात शक्तिपीठ तनोट माता मंदिर परिसर में फिल्म बॉर्डर 2 के गीत “घर कब आओगे” की भव्य लॉन्चिंग आयोजित की गई। कार्यक्रम का आयोजन सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) राजस्थान फ्रंटियर के आईजी एम.एल. गर्ग की अध्यक्षता में हुआ। इस अवसर पर जैसलमेर बीएसएफ साउथ और नॉर्थ के डीआईजी सहित कई वरिष्ठ अधिकारी, जवान और उनके परिजन उपस्थित रहे। गीत लॉन्च कार्यक्रम के दौरान बीएसएफ के सुर फनकारों और स्थानीय लोक कलाकारों ने भावनात्मक प्रस्तुतियां दीं, जिसने माहौल को देशभक्ति से सराबोर कर दिया। फिल्म की स्टार कास्ट के सामने बीएसएफ जवानों ने फिल्म के एक दृश्य को रिक्रिएट भी किया, जिसे देखकर मौजूद लोग भावुक हो उठे और तालियों से स्वागत किया।
तनोट माता मंदिर परिसर में आयोजित इस कार्यक्रम ने देशभक्ति, बलिदान और सैनिकों की भावना को एक बार फिर जीवंत कर दिया। गीत “घर कब आओगे” ने जवानों और उनके परिवारों की भावनाओं को गहराई से छू लिया।



