Snowfall बनी जल शक्ति विभाग के लिए संजीवनी
Snowfall Proves a Lifeline for Water Resources Department

चंबा;प्रतिनिधी : लंबे समय से सूखे की मार झेल रहे जिला चंबा के लोगों को हालिया बारिश और ऊँची चोटियों पर हुई बर्फबारी से बड़ी राहत मिली है। मौसम में आए इस बदलाव से जहां आमजन ने सुकून की सांस ली है, वहीं जल शक्ति विभाग को भी आने वाले महीनों में इसका सकारात्मक असर दिखने की उम्मीद है। जल शक्ति विभाग चंबा मंडल के अधिशाषी अभियंता जितेंद्र शर्मा ने बताया कि पहाड़ों पर हुई बर्फबारी विभाग के लिए बेहद लाभकारी सिद्ध होगी। यदि आगामी दिनों में अच्छी बारिश और बर्फबारी जारी रहती है, तो यह विभाग के लिए संजीवनी समान होगी।
उन्होंने कहा कि लंबे समय से पर्याप्त वर्षा न होने के कारण जल स्रोतों, नालों और पेयजल योजनाओं पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ा था, जिससे ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में पेयजल आपूर्ति बनाए रखना चुनौती बन गया था। बर्फबारी से जल स्रोतों के पुनर्जीवित होने की उम्मीद है, जिससे गर्मियों में जल आपूर्ति सुचारू रखने में मदद मिलेगी। साथ ही उन्होंने नागरिकों से पानी का विवेकपूर्ण उपयोग करने की अपील की।



