
Nashik : मनपा चुनाव बना पॉलिटिकल बैटलग्राउंड
Nashik: Municipal Corporation Elections Become a Political Battleground
नाशिक;प्रतिनिधि : मनपा चुनाव के बीच नासिक की राजनीति में बड़ा उलटफेर देखने को मिल रहा है। सियासी गलियारों में चर्चा है कि इस बार नासिक मनपा चुनाव चुनाव त्रिकोणीय मुकाबले में तब्दील होने जा रहा है। एक ओर जहां भारतीय जनता पार्टी ने “आत्मनिर्भरता” का नारा देते हुए अकेले चुनाव लड़ने के संकेत दिए हैं, वहीं दूसरी ओर महागठबंधन के भीतर नए समीकरण उभरते नजर आ रहे हैं। सूत्रों के मुताबिक, एकनाथ शिंदे की शिवसेना और अजित पवार की राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी मिलकर नासिक में चुनाव लड़ सकती हैं, जिसकी औपचारिक घोषणा जल्द होने की संभावना है। उधर, महाविकास अघाड़ी पर भी अंतिम मुहर लग गई है। उद्धव ठाकरे की शिवसेना, शरद पवार की एनसीपी, कांग्रेस और राज ठाकरे की मनसे साथ मिलकर चुनाव मैदान में उतरेंगी।
महाविकास अघाड़ी का मकसद वोटों के बंटवारे से बचते हुए भाजपा को सीधी चुनौती देना है। सीट बंटवारे को लेकर दो-तीन दौर की बातचीत पूरी हो चुकी है और जल्द ही सीटों पर सहमति बनने की उम्मीद है। राजनैतिक जानकारों का मानना है कि इस नई एकजुटता से नासिक की चुनावी तस्वीर पूरी तरह बदल सकती है।



