
NMMC चुनाव: 6 हजार कर्मचारियों चुनावी ट्रेनिंग
NMMC Elections: 6,000 Employees Undergo Election Training
नवीमुंबई;सान्वी देशपांडे: नवी मुंबई मनपा आम चुनाव 2025-26 को पारदर्शी, सुचारू और त्रुटिरहित तरीके से संपन्न कराने के लिए चुनाव प्रक्रिया से जुड़े अधिकारियों और कर्मचारियों की व्यापक ट्रेनिंग शुरू की गई है। मनपा कमिश्नर एवं चुनाव अधिकारी डॉ. कैलाश शिंदे के मार्गदर्शन में 6 हजार से अधिक कर्मचारियों के लिए चरणबद्ध प्रशिक्षण कार्यक्रम तैयार किया गया है। नवी मुंबई के 28 वार्डों की 111 सीटों के लिए 15 जनवरी 2026 को मतदान होगा। इसके लिए 1148 पोलिंग स्टेशन तय किए गए हैं। राज्य चुनाव आयोग की मंजूरी से 8 डिवीज़न के लिए 8 चुनाव निर्णय अधिकारी, प्रत्येक डिवीज़न के लिए 3 सहायक चुनाव निर्णय अधिकारी और 180 क्षेत्रीय अधिकारी नियुक्त किए गए हैं। हर पोलिंग स्टेशन पर एक प्रिसाइडिंग ऑफिसर, तीन असिस्टेंट पोलिंग ऑफिसर और एक चपरासी की टीम तैनात रहेगी, साथ ही रिज़र्व टीमें भी रखी गई हैं।
पहले चरण की ट्रेनिंग 1 से 7 जनवरी तक विष्णुदास भावे नाट्यगृह, वाशी और सरस्वती विद्यालय, ऐरोली में आयोजित की जा रही है। दूसरे चरण की ट्रेनिंग 8 से 12 जनवरी तक होगी। प्रशिक्षण में मतदान प्रक्रिया, EVM हैंडलिंग, मॉक पोल, वोटर पहचान, कानूनी पहलुओं और जिम्मेदारियों की विस्तृत जानकारी दी जा रही है। कमिश्नर डॉ. कैलाश शिंदे ने स्पष्ट किया है कि ट्रेनिंग में उपस्थिति अनिवार्य है और गैरहाजिरी या आदेशों की अवहेलना पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।



