
13,336 डुप्लीकेट मतदाताओं से ली गई अंडरटेकिंग
Navi Mumbai: Undertakings Taken from 13,336 Duplicate Voters
नवीमुंबई;तुषार पाटील: नवी मुंबई मनपा चुनाव को लेकर मतदाता सूची की प्रक्रिया लगभग पूरी हो चुकी है। माननीय राज्य चुनाव आयोग के निर्देशों के अनुसार 1 जुलाई 2025 की वोटर लिस्ट को नवी मुंबई म्युनिसिपल कॉर्पोरेशन चुनाव के लिए मंज़ूरी दे दी गई है। इस प्रक्रिया के तहत आयोग द्वारा उपलब्ध कराई गई 45,588 संभावित रिपीट वोटर्स की सूची का गहन सत्यापन किया गया, जिसमें 13,336 डुप्लीकेट मतदाता पाए गए हैं। इन सभी रिपीट वोटर्स से वैकल्पिक अंडरटेकिंग (गारंटी पत्र) भरवाया गया है, जिसमें उन्होंने यह स्पष्ट किया है कि वे किस वार्ड की मतदाता सूची में शामिल नाम के आधार पर मतदान करेंगे। डुप्लीकेट वोटर्स की जांच के लिए वार्डवार BLO (बूथ लेवल ऑफिसर) टीमों का गठन किया गया था।
नगर निगम आयुक्त एवं चुनाव अधिकारी डॉ. कैलाश शिंदे के मार्गदर्शन में कंप्यूटर सिस्टम के माध्यम से वोटर लिस्ट को वर्गीकृत किया गया। इसके बाद फोटो युक्त संभावित डुप्लीकेट मतदाताओं की सूची BLO को दी गई। BLO ने नाम, फोटो, माता-पिता के नाम, पता और वार्ड की समानता जैसे कई बिंदुओं पर जांच कर सत्यापन पूरा किया। नवी मुंबई मनपा ने यह पूरी प्रक्रिया योजनाबद्ध और पारदर्शी तरीके से पूरी करते हुए मतदाता सूची की विश्वसनीयता सुनिश्चित की है।



