Cold और कोहरे से जनजीवन अस्त-व्यस्त
Life Disrupted by Cold and Fog

विशेष/प्रतिनिधि : कटिहार जिले में लगातार बढ़ती ठंड और घने कोहरे ने जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित कर दिया है। शाम ढलते ही सड़कों पर सन्नाटा छा जा रहा है और आम दिनों में चहल-पहल से भरी रहने वाली सड़कें सूनी नजर आ रही हैं। जरूरतमंद लोग और बेसहारा पशु ठंड से बचने के लिए सड़क किनारे जलते अलाव का सहारा लेते दिखाई दे रहे हैं। वायु गुणवत्ता निगरानी स्टेशन के अनुसार जिले का वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) 315 दर्ज किया गया है, जो गंभीर श्रेणी में आता है। हवा में सूक्ष्म धूल कण (PM) मानक से लगभग दोगुने पाए गए हैं, हालांकि जहरीली गैसें अभी तय सीमा में हैं।
घने कोहरे के कारण दृश्यता बेहद कम हो गई है, जिससे राष्ट्रीय राजमार्ग-31 सहित कई मार्गों पर यातायात प्रभावित हुआ है। बस और ट्रेन सेवाओं पर भी असर पड़ा है। ठंड का सबसे ज्यादा असर दिहाड़ी मजदूरों, रिक्शा चालकों और फुटपाथ पर रहने वालों पर दिख रहा है। प्रशासन ने प्रमुख चौराहों पर अलाव की व्यवस्था की है, वहीं डॉक्टरों ने ठंड और प्रदूषण से बचाव की सलाह दी है। मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में हालात बने रह सकते हैं।



