
Navi Mumbai में वायु प्रदूषण पर सख्त कार्रवाई
Strict Action Against Air Pollution in Navi Mumbai
नवी मुंबई/सान्वी देशपांडे : नवी मुंबई में वायु प्रदूषण पर नियंत्रण और बेहतर एयर क्वालिटी सुनिश्चित करने के लिए नगर निगम ने ठोस कदम उठाए हैं। आयुक्त डॉ. कैलाश शिंदे के निर्देशानुसार शहर में सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट और इंजीनियरिंग विभाग द्वारा नियमित रूप से व्यापक सफाई अभियान चलाए जा रहे हैं। साथ ही, शहरी नियोजन विभाग द्वारा तय स्टैंडर्ड ऑपरेटिंग प्रोसीजर के अनुसार निर्माण स्थलों पर प्रदूषण नियंत्रण उपायों के सख्त पालन पर जोर दिया जा रहा है। सर्दियों में हवा की गति कम होने से स्मॉग की समस्या बढ़ जाती है। इसे नियंत्रित करने के लिए MIDC क्षेत्र सहित मुख्य यातायात मार्गों पर दिन में दो सत्रों में सड़कों की पूरी तरह सफाई की जा रही है। ब्रश, मैकेनिकल स्वीपिंग मशीन, फिल्टर मशीन और जेटिंग स्प्रे से सड़कों की धूल हटाई जा रही है। इसके अलावा, NCAP की विशेष गाड़ियां 24 घंटे प्रोसेस्ड पानी का छिड़काव कर हवा में धूल की मात्रा कम कर रही हैं।
पिछले दो दिनों में ठाणे–बेलापुर रोड, सायन–पनवेल हाईवे, ऐरोली, रबाले MIDC और वाशी–नेरुल क्षेत्रों में विशेष अभियान चलाए गए। आयुक्त ने इंजीनियरों और संबंधित एजेंसियों को क्षेत्रीय स्तर पर लगातार निगरानी के निर्देश दिए हैं।



