Cold और कोहरे का कहर, जनजीवन प्रभावित
Cold Wave and Fog Wreak Havoc, Disrupting Daily Life

दिल्ली/प्रतिनिधी : देश के कई हिस्सों में सर्दी ने जोर पकड़ लिया है। उत्तर भारत के अधिकांश राज्यों में सुबह से ही घना कोहरा छाया हुआ है, जिससे दृश्यता कम हो गई है और जनजीवन प्रभावित हो रहा है। कड़ाके की ठंड और कोहरे को देखते हुए लखनऊ जिला प्रशासन ने स्कूलों के संचालन को लेकर अहम फैसला लिया है। जिलाधिकारी ने जिले के सभी बोर्डों के प्री-प्राइमरी और नर्सरी कक्षाओं के विद्यालयों को आज से 27 दिसंबर तक बंद रखने के आदेश जारी किए हैं। हालांकि कक्षा 1 से 8 तक के स्कूल पूरी तरह बंद नहीं होंगे। डीएम के निर्देशानुसार इन कक्षाओं का संचालन अगले आदेश तक बदले हुए समय पर किया जाएगा। अब कक्षा 1 से 8 तक की पढ़ाई सुबह 10 बजे से दोपहर 3 बजे तक होगी।
मौसम विभाग के अनुसार पश्चिम बंगाल, झारखंड, राजस्थान और छत्तीसगढ़ में आज घना कोहरा छाने की संभावना है। वहीं उत्तर प्रदेश, हरियाणा, पंजाब और चंडीगढ़ में 29 दिसंबर तक घना से बहुत घना कोहरा रहने का अनुमान है। आईएमडी ने लोगों को सतर्क रहने और यात्रा में सावधानी बरतने की सलाह दी है।



