Fog से निपटने के लिए रेल डिवीजन का बड़ा कदम
Jammu Rail Division Takes Major Step to Combat Fog

जम्मू/प्रतिनिधी : घने कोहरे के कारण उत्तर भारत में रेल यातायात पर पड़ने वाले प्रभाव को कम करने के लिए जम्मू रेल डिवीजन ने अहम कदम उठाया है। रेल प्रशासन ने यात्री सुविधा बढ़ाने और ट्रेनों की समयपालन क्षमता सुधारने के उद्देश्य से चुनिंदा रेलगाड़ियों में “अतिरिक्त रेक” लगाने का निर्णय लिया है। यह व्यवस्था विशेष रूप से जम्मू तवी–अजमेर एक्सप्रेस और नई दिल्ली–कटरा के बीच संचालित श्री माता वैष्णो देवी एक्सप्रेस में लागू की जाएगी।
रेलवे अधिकारियों के अनुसार, सर्दियों के मौसम में कोहरे के कारण ट्रेनों के परिचालन में देरी आम बात है। ऐसे में अतिरिक्त रेक उपलब्ध होने से ट्रेनें समय पर रवाना की जा सकेंगी और यात्रियों को अनावश्यक इंतजार से राहत मिलेगी। इससे लंबी दूरी की यात्रा करने वाले यात्रियों को बेहतर सुविधा मिलेगी और ट्रेनों का संचालन अधिक सुचारू रूप से किया जा सकेगा। जम्मू रेल डिवीजन का यह कदम यात्रियों की सुरक्षा, सुविधा और भरोसे को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।



