Rahu-केतु के गीत “किस्मत की चाबी” का भव्य लॉन्च
Grand Launch of Rahu-Ketu's Song "Kismat Ki Chaabi"

उज्जैन/प्रतिनिधी : उज्जैन में सोमवार रात मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के मुख्य आतिथ्य में फिल्म राहु-केतु के गीत “किस्मत की चाबी” का भव्य लॉन्च कार्यक्रम शासकीय पॉलिटेक्निक महाविद्यालय के मैदान में आयोजित किया गया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि उज्जैन नगरी में इस गीत का लॉन्च होना सौभाग्य की बात है। उन्होंने फिल्म की सफलता की कामना करते हुए कहा कि यह गीत नशे के दुष्प्रभावों के खिलाफ जागरूकता फैलाने का सशक्त माध्यम बनेगा और युवाओं, परिवारों व समाज तक महत्वपूर्ण संदेश पहुंचाएगा। मुख्यमंत्री ने बताया कि मध्यप्रदेश सरकार ने नशामुक्ति की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए 19 धार्मिक नगरों की सीमा से मदिरा दुकानों को बाहर किया है। उन्होंने फिल्म के कलाकारों और टीम को शासन की ओर से हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया। इस अवसर पर कलाकारों को चंदेरी शॉल और गोंद पेंटिंग भेंट कर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में अभिनेता पुलकित सम्राट, वरुण शर्मा, शालिनी पांडे और सिंगर राजा कुमारी उपस्थित रहे। उल्लेखनीय है कि राहु-केतु नशे के खिलाफ जागरूकता का संदेश देती एक कॉस्मिक कैपर फिल्म है, जो 16 जनवरी 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज़ होगी।



