स्वास्थ्य सेवाओं में ऐतिहासिक बदलाव: अनुप्रिया पटेल
Historic Transformation in Healthcare Services: Anupriya Patel

दिल्ली/प्रतिनिधी : स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण राज्य मंत्री अनुप्रिया पटेल ने कहा है कि बीते 11 वर्षों में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश की स्वास्थ्य सेवाओं में ऐतिहासिक बदलाव आया है। उन्होंने कहा कि सरकार ने प्राथमिक स्वास्थ्य ढांचे से लेकर उच्चस्तरीय चिकित्सा सुविधाओं तक सभी क्षेत्रों को सशक्त बनाने के लिए निरंतर प्रयास किए हैं। नई दिल्ली में वर्धमान महावीर चिकित्सा महाविद्यालय और सफदरजंग अस्पताल के सातवें दीक्षांत समारोह को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य हर नागरिक को गुणवत्तापूर्ण, सुलभ और किफायती स्वास्थ्य सेवा उपलब्ध कराना है।
अनुप्रिया पटेल ने बताया कि आयुष्मान भारत–प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना के तहत देश के 62 करोड़ से अधिक लोगों को पांच लाख रुपये तक की मुफ्त स्वास्थ्य सुविधा दी जा रही है, जो विश्व की सबसे बड़ी स्वास्थ्य बीमा योजना है। उन्होंने कहा कि जन औषधि योजना और अमृत फार्मेसी के माध्यम से सस्ती दवाएं और उपकरण उपलब्ध कराए जा रहे हैं। मंत्री ने यह भी बताया कि देश में मेडिकल कॉलेजों, एमबीबीएस और स्नातकोत्तर सीटों की संख्या में रिकॉर्ड वृद्धि हुई है।



