Mumbai जाने वाली फ्लाइट में तकनीकी समस्या
Technical Problem on Flight to Mumbai

दिल्ली/प्रतिनिधि : मुंबई जा रही एयर इंडिया की फ्लाइट एआई-887 को तकनीकी खराबी के कारण उड़ान भरने के कुछ ही मिनटों बाद दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर वापस लौटना पड़ा। पायलट ने उड़ान के दौरान तकनीकी समस्या का पता चलते ही एयर ट्रैफिक कंट्रोल को इसकी सूचना दी, जिसके बाद मानक परिचालन प्रक्रिया के तहत विमान की आपातकालीन लैंडिंग कराई गई। एयर इंडिया के प्रवक्ता ने बताया कि विमान की सुरक्षित लैंडिंग कराई गई और सभी यात्री तथा चालक दल के सदस्य पूरी तरह सुरक्षित हैं। उन्होंने कहा कि यात्रियों की सुरक्षा एयरलाइन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। फिलहाल विमान की तकनीकी जांच की जा रही है ताकि खराबी के कारणों का पता लगाया जा सके।
एयरलाइन ने यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए एक अन्य बोइंग 777 विमान (VT-ALP) की व्यवस्था की और प्रतीक्षा के दौरान यात्रियों को जलपान भी उपलब्ध कराया। इसके बाद यात्रियों को मुंबई के लिए वैकल्पिक उड़ान से रवाना किया गया।



