
Sandeep नाईक की बीजेपी में घर वापसी
Sandeep Naik's Homecoming to the BJP
नवी मुंबई/तुषार पाटील : नवी मुंबई महानगरपालिका (NMMC) चुनाव की घोषणा होते ही राजनीतिक सरगर्मियां तेज हो गई हैं और इसी के साथ नेताओं का दल बदल भी शुरू हो गया है। ताजा घटनाक्रम में ऐरोली से दो बार विधायक रह चुके संदीप नाईक की भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) में घर वापसी को लेकर चर्चा तेज हो गई है। विधानसभा चुनाव से ठीक पहले संदीप नाईक ने बीजेपी छोड़कर शरद पवार की राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (एनसीपी) से चुनाव लड़ा था, हालांकि उन्हें हार का सामना करना पड़ा। इसके बाद से ही उनके दोबारा बीजेपी में शामिल होने की अटकलें लगाई जा रही थीं।
अब NMMC चुनाव के बीच उनकी वापसी को बीजेपी की बड़ी रणनीतिक चाल माना जा रहा है। राजनीतिक जानकारों का कहना है कि यह घटनाक्रम नवी मुंबई में शिवसेना-बीजेपी के बीच महायुति न होने के संकेत भी देता है। शहर में पहले से ही दोनों दलों के नेताओं के बीच तनातनी चल रही है, जिसके चलते गठबंधन की संभावनाएं कमजोर दिख रही हैं।
विशेषज्ञों के अनुसार, संदीप नाईक एक अनुभवी और जमीनी नेता हैं। उनके साथ युवा कार्यकर्ताओं की मजबूत टीम है और वे संगठनात्मक तथा चुनावी कार्यक्रमों को प्रभावी ढंग से चलाने में माहिर माने जाते हैं। ऐसे में उनकी वापसी से बीजेपी को नवी मुंबई में शिवसेना के खिलाफ राजनीतिक बढ़त मिलने की संभावना है, जो मनपा चुनाव में पार्टी की ताकत और जीत की संभावनाओं को मजबूत कर सकती है।



