Messi कार्यक्रम विवाद हाई कोर्ट पहुंचा
Messi Event Controversy Reaches High Court

कोलकत्ता/प्रतिनिधि : कोलकाता के युवा भारती स्टेडियम में फुटबॉल स्टार लियोनेल मेसी के कार्यक्रम को लेकर उपजे विवाद ने राजनीतिक रूप ले लिया है। राज्य के नेता प्रतिपक्ष सुवेंदु अधिकारी ने इस मामले में ममता बनर्जी सरकार और पुलिस की भूमिका पर सवाल उठाते हुए कोलकाता हाई कोर्ट में जनहित याचिका दायर की है। उन्होंने आरोप लगाया है कि कार्यक्रम के दौरान VIP कल्चर को बढ़ावा दिया गया, जिससे आम लोगों में नाराज़गी फैली और अव्यवस्था की स्थिति बनी। हाई कोर्ट की खंडपीठ ने याचिका पर सुनवाई के लिए सहमति दे दी है। भाजपा नेता ने राज्य सरकार द्वारा गठित जांच समिति की निष्पक्षता पर भी सवाल उठाए और दावा किया कि FIR मंत्रियों को बचाने के उद्देश्य से तैयार की गई है। सुवेंदु अधिकारी ने खेल मंत्री अरूप विश्वास और दमकल मंत्री सुजीत बसु की गिरफ्तारी की मांग की है।
मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि विधानसभा चुनाव से पहले मेसी के नाम पर राजनीतिक लाभ लेने की कोशिश उलटी पड़ गई। इस बीच पुलिस ने मुख्य आयोजक समेत तोड़फोड़ के आरोप में कुछ लोगों को गिरफ्तार किया है, जबकि नेता प्रतिपक्ष का आरोप है कि आम लोगों को निशाना बनाया जा रहा है और प्रभावशाली व्यक्तियों को छोड़ा जा रहा है। इस मामले में दो अन्य जनहित याचिकाएं भी दाखिल की गई हैं।



