
Mumbai में नए साल से पहले ‘अग्नि सुरक्षा अभियान’ शुरू
Mumbai Launches 'Fire Safety Campaign' Ahead of New Year's Eve
मुंबई/प्रतिनिधी : नए साल के जश्न को सुरक्षित बनाने के उद्देश्य से मुंबई अग्निशमन विभाग ने 22 दिसंबर से 28 दिसंबर तक एक विशेष ‘अग्नि सुरक्षा अभियान’ चलाने का निर्णय लिया है। इस दौरान शहर के भीड़भाड़ वाले और मनोरंजन से जुड़े प्रतिष्ठानों की व्यापक जांच की जाएगी। अभियान के तहत रेस्तरां, होटल, बार, पब, लॉजिंग-बोर्डिंग, पार्टी हॉल, जिमखाना, बैंक्वेट हॉल, बड़े मॉल और सितारा होटलों सहित सैकड़ों प्रतिष्ठानों का निरीक्षण प्रस्तावित है।
अग्निशमन विभाग के अनुसार, नए साल के दौरान शहर में भीड़ बढ़ने के कारण सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करना आवश्यक है। अभियान का मुख्य उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि सभी प्रतिष्ठान अग्नि सुरक्षा मानकों का पूरी तरह पालन कर रहे हों। निरीक्षण के दौरान यदि किसी प्रतिष्ठान में अग्नि सुरक्षा उपकरणों की कमी, इमरजेंसी एग्ज़िट बाधित होना, फायर अलार्म या स्प्रिंकलर सिस्टम काम न करना जैसी कमियां पाई जाती हैं, तो उनके खिलाफ तत्काल कार्रवाई की जाएगी।
गौरतलब है कि पिछले वर्ष भी अग्निशमन विभाग ने विशेष अभियान चलाकर 731 भीड़भाड़ वाली इमारतों, होटलों और मॉल का निरीक्षण किया था। इस बार विभाग उम्मीद कर रहा है कि प्रतिष्ठान नियमों के पालन में और अधिक सतर्कता दिखाएंगे, ताकि शहर नए साल का स्वागत सुरक्षित और निश्चिंत होकर कर सके।



