
Anil अंबानी ग्रुप पर CBI की बड़ी कार्रवाई
CBI Takes Major Action Against Anil Ambani Group
मुंबई/प्रतिनिधी : सेंट्रल ब्यूरो ऑफ़ इन्वेस्टिगेशन (CBI) ने उद्योगपति अनिल धीरूभाई अंबानी ग्रुप से जुड़ी दो कंपनियों के खिलाफ लगभग 14,800 करोड़ रुपये की कथित धोखाधड़ी के मामले में बड़ी कार्रवाई की है। पहली FIR रिलायंस होम फाइनेंस लिमिटेड (RHFL) पर दर्ज की गई है, जिसमें कंपनी के उस समय के डायरेक्टर और अनिल अंबानी के बेटे जयनमोल अंबानी समेत पूर्व CEO रवींद्र शरद सुधाकर को आरोपी बनाया गया है। आरोप है कि RHFL ने यूनियन बैंक ऑफ़ इंडिया से 228 करोड़ रुपये की धोखाधड़ी की और कुल 18 वित्तीय संस्थानों से करीब 5,572 करोड़ रुपये का कर्ज लिया था।
दूसरी FIR रिलायंस कमर्शियल फाइनेंस लिमिटेड (RCFL) पर दर्ज की गई है। इस कंपनी पर बैंक ऑफ़ महाराष्ट्र से 57 करोड़ रुपये की धोखाधड़ी का आरोप है। जांच एजेंसी के अनुसार RCFL ने 31 बैंकों और वित्तीय संस्थानों से लगभग 9,280 करोड़ रुपये का लोन लिया और उसे डिफॉल्ट किया।
FIR दर्ज होने के बाद CBI ने मुंबई में उद्योगपति अनिल अंबानी के आवास सहित कई ठिकानों पर छापेमारी की। पुणे में RCFL के पूर्व डायरेक्टर देवांग मोदी के घर पर भी तलाशी की गई, जबकि RHFL के पूर्व CEO रवींद्र सुधाकर के घर पर अभी छापेमारी जारी है। CBI मामले से जुड़े वित्तीय दस्तावेज और डिजिटल सबूत खंगाल रही है।



