Sri Lanka में भारत का ऑपरेशन सागर बंधु तेज
India's Operation Sagar Bandhu intensifies in Sri Lanka

विशेष/प्रतिनिधि : चक्रवात दित्वा से प्रभावित श्रीलंका की मदद के लिए भारत द्वारा चलाए जा रहे ऑपरेशन सागर बंधु को और तेज कर दिया गया है। भारतीय सेना की इंजीनियर टास्क फोर्स जाफना और चिलाव में क्षतिग्रस्त पुलों और बुनियादी ढांचे की मरम्मत में श्रीलंकाई सेना और सड़क विकास प्राधिकरण के साथ मिलकर दिन-रात काम कर रही है।
जाफना क्षेत्र में पुलियामपोक्कानई पुल को हटाने और नए बेली पुल के निर्माण की तैयारी तेजी से आगे बढ़ रही है। वहीं चिलाव में भी अगले 48 घंटों के भीतर घाट निर्माण का काम शुरू होने की उम्मीद है, जिससे आवागमन और राहत कार्यों में तेजी आएगी। भारतीय सेना ने स्वदेशी तकनीक वाले ड्रोन, सोनार सिस्टम और अंडरग्राउंड व्हीकल (UGV) का उपयोग करके बचाव और मरम्मत कार्यों की रफ्तार और बढ़ा दी है।
इसी के साथ, श्रीलंका में तैनात PARA फील्ड अस्पताल अब तक 3,338 से ज्यादा मरीजों को चिकित्सा सेवाएं प्रदान कर चुका है। गंभीर स्थिति वाले कई मरीजों का जीवन बचाने में भारतीय टीम ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।
भारत की यह निरंतर मानवीय सहायता “पड़ोसी प्रथम” नीति और “वसुधैव कुटुंबकम” की भावना को मजबूत करती है, जिससे दोनों देशों के बीच मैत्रीपूर्ण संबंध और गहरे हो रहे हैं।



