Kashi तमिल संगमम् 4.0: कार रैली 10 दिसंबर को पहुंचेगी काशी
Kashi Tamil Sangamam 4.0: Car Rally to Reach Kashi on December 10

काशी/प्रतिनिधि : काशी तमिल संगमम् 4.0 के अंतर्गत इस वर्ष विशेष रूप से कार रैली का आयोजन किया जा रहा है, जो सांस्कृतिक समन्वय और जन-जागरूकता का अनूठा संदेश लेकर आगे बढ़ रही है। यह कार रैली 10 दिसंबर को वाराणसी पहुंचेगी। तेनकासी से रवाना हुआ 54 सदस्यों का दल नौ दिनों में 2800 किलोमीटर से अधिक की दूरी तय करते हुए काशी पहुंचेगा।
इस कार रैली की थीम चिकित्सा, डिजिटल साक्षरता, वित्तीय साक्षरता, आध्यात्मिकता और सामाजिक सेवा पर केंद्रित है। मार्ग में विभिन्न स्थानों पर यह दल जागरूकता कार्यक्रमों और संवाद सत्रों का आयोजन करेगा, जिससे लोगों को स्वास्थ्य, तकनीक और समाज सेवा से जुड़े विषयों पर महत्वपूर्ण जानकारियां मिल सकें।
इस अभियान को 2 दिसंबर को तेनकासी से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। कार रैली प्रतिभागियों ने बताया कि यह यात्रा केवल वाहन रैली नहीं बल्कि दक्षिण और उत्तर भारत के सांस्कृतिक संबंधों को मजबूत करने का एक प्रयास है। आईआरसीटीसी के मुख्य क्षेत्रीय प्रबंधक अजीत सिन्हा ने बताया कि इस तरह के आयोजन देश की विविधता, एकता और पारंपरिक मूल्यों को नए आयाम देते हैं। काशी में पहुंचने पर रैली का भव्य स्वागत किया जाएगा और विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित होंगे।



